- by Mahtab Alam
- 2026-04-14 16:00:39
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
गाजीपुर (SI News): जनपद के सिकंदरपुर (शास्त्री नगर) स्थित प्रतिष्ठित 'मां कवलपती हास्पिटल एण्ड मैटर्निटी रिसर्च सेंटर' में आज 14 अप्रैल को एक विशाल नि:शुल्क नि:संतानता परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण शिविर में क्षेत्र की लगभग सैकड़ों महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ और विशेषज्ञ चिकित्सकों से उचित परामर्श प्राप्त किया।
मीडिया से मुखातिब होते हुए आईवीएफ विशेषज्ञ (IVF Specialist) डॉ. प्रतिभा सिंह ने नि:संतानता की समस्या और इसके विभिन्न कारणों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पुरुषों में कम शुक्राणु या उनकी धीमी गतिशीलता, महिलाओं में फेलोपियन ट्यूब का बंद होना, अनियमित मासिक धर्म, अधिक उम्र, शुक्राणु या अंडों की खराब गुणवत्ता, गर्भाशय में रसौली और बार-बार गर्भपात होना इसके मुख्य कारण हैं। डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि कई बार मेडिकल रिपोर्ट सामान्य होने के बावजूद या पूर्व में आईवीएफ फेल होने पर भी दंपतियों को संतान सुख से वंचित रहना पड़ता है।
शिविर के नि:शुल्क होने को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में डॉ. प्रतिभा सिंह ने स्पष्ट किया कि यह परामर्श पूरी तरह से मुफ्त है। उन्होंने एक कदम आगे बढ़ते हुए घोषणा की कि यदि आर्थिक रूप से कमजोर दंपतियों को संतान सुख प्राप्त करने के लिए इलाज में आर्थिक सहयोग की आवश्यकता होगी, तो हम वह मदद करने के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं।
भविष्य में इस तरह के आयोजनों की संभावनाओं पर बात करते हुए अस्पताल की निदेशक तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. बीती सिंह ने कहा कि भविष्य में भी डॉ. प्रतिभा सिंह के सहयोग से ऐसे नि:शुल्क शिविर लगाए जा सकते हैं। इस पर सहमति जताते हुए डॉ. प्रतिभा ने कहा, "डॉक्टर साहिबा जब भी याद करेंगी, समय उपलब्ध होने पर हम सेवा के लिए हमेशा तत्पर मिलेंगे। हमने इस डॉक्टरी पेशे को चुना ही इसलिए है ताकि नि:संतान दंपतियों के सूने जीवन में खुशियां और उनके चेहरे पर मुस्कान ला सकें।"
क्षेत्र में इस नि:शुल्क शिविर की काफी सराहना हो रही है। अब यह देखना सुखद होगा कि भविष्य में डॉ. बीती सिंह और डॉ. प्रतिभा सिंह की यह विशेषज्ञ जोड़ी अपने प्रयासों से कितने नि:संतान दंपतियों के आंगन में किलकारियां गूंजा पाती है।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)