- by Mahtab Alam
- 2026-04-17 12:58:49
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
मरदह/गाजीपुर: जिले के जंगीपुर और जखनियां विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार को 'नारी शक्ति वंदन' विधानसभा स्तरीय अभिनन्दन सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इन सम्मेलनों में उपस्थित मातृशक्ति ने महिला आरक्षण बिल पास होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि अब आधी आबादी पूरे अधिकार के साथ देश और प्रदेश के सदन में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएगी।
नारी देश भी चला सकती है, पीएम ने इसे समझा: सरोज कुशवाहा जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के मरदह मंडल (दक्षिणी) के अरखपुर गांव स्थित 'उत्सव वाटिका' में भाजपा द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अनेकों काम किए हैं। लेकिन 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के माध्यम से महिलाओं को जन-नेतृत्व की सबसे बड़ी जिम्मेदारी देकर उन्हें सशक्त बनाने का ऐतिहासिक काम किया गया है। उन्होंने कहा कि अब भारी संख्या में महिलाएं विधायक और सांसद बनेंगी। नारी देश भी चला सकती है, इसे समझने का काम प्रधानमंत्री ने किया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की सोच थी कि आधी आबादी को उनका अधिकार मिले और उन्हें सशक्त किया जाए। आज इस सम्मेलन के माध्यम से देश भर की महिलाएं प्रधानमंत्री को धन्यवाद दे रही हैं।
इस दौरान मंच का सफल संचालन कौशल्या यादव ने किया। अवसर पर मुख्य रूप से रंजू शर्मा, सरोज भारती, प्रीति गुप्ता सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
ममता और करुणा की द्योतक नारी अब बुलंद करेगी आवाज: सपना सिंह दूसरी ओर, जखनियां विधानसभा क्षेत्र का नारी शक्ति वंदन सम्मेलन सरोज मिश्रा की अध्यक्षता में आर.एस. पैरामेडिकल कॉलेज, देवा (दुल्लहपुर) में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने शिरकत की। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ममता, करुणा और श्रद्धा की प्रतीक नारी अब देश व प्रदेश के सदन में पूरे अधिकार के साथ अपनी आवाज बुलंद करेगी। भाजपा सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण की इस सोच को धरातल पर साकार किया है।
कार्यक्रम का संचालन रीना सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. साधना तिवारी, तारा विश्वकर्मा, कौशल्या चौहान, प्रमिला विश्वकर्मा, पूनम चौहान आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थीं।
#नारी_शक्ति_वंदन
#महिला_सशक्तिकरण
#मातृशक्ति
#आधी_आबादी
#WomenEmpowerment
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)