- by Dushyant Pachouri
- 2026-11-21 18:11:15
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
हाथरस, 21 नवंबर 2026। तहसील हाथरस में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में शिकायतकर्ता एवं संबंधित पक्षों की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने अथवा एक ही समस्या की बार-बार शिकायत मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को लंबित राजस्व एवं कब्जा परिवर्तन संबंधी मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 29 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)