- by Mohammad Saqib
- 2026-10-24 20:32:30
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
सेंट एंड्रयूज कॉलेज, गोरखपुर में शासन के निर्देश पर मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और साइबर सुरक्षा को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रैना सैमुअल की अध्यक्षता में कैप्टन प्रो. निधि लाल के सहयोग से आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं एवं महिलाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों, सरकारी योजनाओं और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया।
करियर गाइडेंस से छात्राओं को किया जागरूक
15 अक्टूबर 2026 को आयोजित करियर गाइडेंस कार्यक्रम में छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत UPSC, UPPSC, SSC, NDA, CDS, JEE Main, NEET, बीएड और TET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही ऑपरेशन गरुड़, ऑपरेशन बचपन, ऑपरेशन मजनू, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन ईगल सहित महिला सुरक्षा से संबंधित अभियानों तथा हेल्पलाइन नंबर 1090, 181 और 112 की जानकारी दी गई।
पिंक समाधान दिवस में समस्याओं के निस्तारण पर जोर
16 अक्टूबर को पिंक समाधान दिवस एवं मिशन शक्ति तहसील दिवस के अंतर्गत छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनके निस्तारण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसी दिन शारदीय नवरात्रि के अवसर पर पूजा पंडाल परिसर में महिला चौपाल आयोजित की गई। इसमें महिलाओं को पम्पलेट वितरित कर विभिन्न सुरक्षा अभियानों और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
मॉडल मिशन शक्ति केंद्र पर लगी चौपाल
21 अक्टूबर को शासन के निर्देशानुसार विकसित मॉडल मिशन शक्ति केंद्र पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा चौपाल लगाई गई। इसमें स्कूल-कॉलेज की छात्राओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 181 तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं और मिशन शक्ति केंद्र पर उपलब्ध सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
साइबर सुरक्षा कार्यशाला में ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी
17 अक्टूबर को महाविद्यालय में साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी और पासवर्ड की सुरक्षा तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। कार्यशाला के माध्यम से डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने और साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिलाई गई शपथ
17 अक्टूबर को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रैना सैमुअल ने छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों को महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 15 यूपी (जी) बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल अमूल्य प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रो. सीमा शेखर, डॉ. अर्चना, डॉ. पूजा आनंद, प्रो. जे.के. पाण्डेय, प्रो. सुशील राय सहित अन्य प्राध्यापकगण भी मौजूद रहे।
महाविद्यालय में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं एवं महिलाओं को जागरूक बनाना, उन्हें सुरक्षा के प्रति सजग करना तथा आत्मनिर्भर और सशक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)