स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़ में आपका स्वागत है

गाजीपुर की सभी विधानसभाओं में भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित, संगठन मजबूती और 2027 चुनाव पर रहा फोकस

इस खबर के स्पोंसर है सॉफ्टनिक इंडिया, शाही मार्केट, गोलघर, गोरखपुर


गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशव्यापी अभियान के तहत बुधवार को गाजीपुर जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए गए। सम्मेलनों में बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

सदर विधानसभा के वंशीबाजार स्थित रॉयल पैलेस में आयोजित सम्मेलन को मुख्य अतिथि एवं पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा एक ऐसा लोकतांत्रिक संगठन है, जहां कार्यकर्ता अपनी मेहनत, निष्ठा और समर्पण के बल पर किसी भी पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से संगठन के कार्यों को पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का आह्वान किया। युवा नेता अभिनव सिन्हा ने बूथ अध्यक्षों को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए आगामी चुनावों में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। सम्मेलन को नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार गौतम एवं विनोद अग्रवाल ने भी संबोधित किया।

 

जखनियां विधानसभा के माता तेतरा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीपुर मंदरा में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि एवं चंदौली के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा सत्ता नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा और जनसेवा की भावना से कार्य करती है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। सम्मेलन में डॉ. मुराहू राजभर, बृजेंद्र राय, रामराज बनवासी, राजेश राजभर, सरोज मिश्रा और लालजी गोंड सहित कई नेताओं ने विचार व्यक्त किए।

 

जहूराबाद विधानसभा के कासिमाबाद स्थित शिवम पैलेस में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि नागेंद्र सिंह रघुवंशी ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और "अपना बूथ, सबसे मजबूत" का संकल्प ही भाजपा की जीत का आधार बनेगा। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने बूथ स्तर तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने पर जोर दिया। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा से संगठन संचालन की बहुत कुछ सीख मिली है और बूथ अध्यक्ष ही संगठन की वास्तविक ताकत हैं।

 

भडसर (गाजीपुर ग्रामीण क्षेत्र) स्थित बलदेव श्रीधर महाविद्यालय, भवरहा में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि पुष्पराज सिंह एवं विशिष्ट अतिथि कृष्ण बिहारी राय ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।

 

जमानिया विधानसभा के दिलदारनगर स्थित मिलन मैरेज हॉल में आयोजित सम्मेलन में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कहा कि 2027 के चुनाव में बूथों को मजबूत बनाकर ही पुनः विजय हासिल की जा सकती है। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी।

 

जिले में आयोजित इन सम्मेलनों में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

नोट: जिले की सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद विधानसभा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों की सूचना प्राप्त होने के बाद उनका विवरण भी समाचार में जोड़ा जाएगा।

Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..

Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)

latest post