- by Amit Kumar Verma
- 2026-04-23 13:15:17
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
गोरखपुर। रामुडीह गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां खेत में पड़े गेहूं के सूखे डंठलों में लगी आग की चपेट में आकर रास्ते से गुजर रहे पांच बच्चे झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गेहूं की कटाई के बाद खेत में सूखे डंठल पड़े हुए थे, जिनमें अचानक आग लग गई। इसी दौरान पास से गुजर रहे पांच बच्चे इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर दीपक गुप्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए और एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई।
प्रशासन की सक्रियता से चार बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। चिकित्सकों की टीम सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
एसडीएम दीपक गुप्ता ने अस्पताल पहुंचकर भी बच्चों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि सूखे डंठलों में किसी चिंगारी या लापरवाही के चलते आग लगी होगी। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि फसल कटाई के बाद खेतों में पड़े सूखे अवशेषों में अक्सर आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में जागरूकता बढ़ाने और सतर्कता बरतने की मांग की है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)