स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़ में आपका स्वागत है

भाजपा में बूथ कार्यकर्ता भी बन सकता है शीर्ष नेतृत्व: अशोक चौरसिया

इस खबर के स्पोंसर है सॉफ्टनिक इंडिया, शाही मार्केट, गोलघर, गोरखपुर


भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया का मंगलवार को पहली बार गाजीपुर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जिला कार्यालय परिसर में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहां बूथ स्तर का सामान्य कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय, प्रदेश या क्षेत्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं बूथ स्तर के कार्यकर्ता रहे हैं और आज क्षेत्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यकर्ताओं के सामने खड़े हैं, जो भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति का प्रमाण है।
उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर देते हुए कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत बूथ है। "बूथ जीता तो चुनाव जीता" के मंत्र को दोहराते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को साथ जोड़कर गाजीपुर की सभी सात विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर नया इतिहास रचा जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि गाजीपुर वीरों और बलिदानियों की धरती है तथा कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी प्रदेश में पुनः सरकार बनाएगी।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, अंत्योदय, सबका साथ-सबका विकास और विकसित भारत के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा विकास और सुशासन की राजनीति में विश्वास रखती है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। युवा नेता अभिनव सिन्हा ने आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह ने किया।
इससे पूर्व चंदौली से गाजीपुर पहुंचने के दौरान जमानियां रेलवे स्टेशन, रामलीला मैदान, सुहवल तिराहा, मेदनीपुर सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। नगर पहुंचने पर उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
स्वागत समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भानु प्रताप सिंह, बृजेंद्र राय, पारसनाथ राय, डॉ. मुराहू राजभर, वृजनंदन सिंह, सरिता अग्रवाल, राजेश राजभर, शशिकांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..

Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)

latest post