- by Mahtab Alam
- 2026-07-18 17:25:23
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
शाह फैज पब्लिक स्कूल, गाजीपुर का 42वां स्थापना दिवस शनिवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। वर्ष 1985 में संस्थापिका मैडम सईदा फैज द्वारा स्थापित विद्यालय में इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा आयोजित कर संस्थान की निरंतर प्रगति एवं सफलता के लिए ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) प्रकाश सिंह रहे। स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए "मेरा स्कूल, मेरा गौरव" विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट की सृष्टि राय, जिन्होंने 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया, उन्हें ₹5000 की नगद पुरस्कार राशि, स्वर्ण पदक एवं कलाई घड़ी प्रदान की गई। वहीं हाईस्कूल की पहल राय, जिन्होंने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, उन्हें ₹2000, स्वर्ण पदक एवं कलाई घड़ी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी ₹2000 एवं ₹1000 की पुरस्कार राशि, स्वर्ण एवं रजत पदक तथा कलाई घड़ियां प्रदान की गईं।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों के बीच 267 पौधों का वितरण किया गया तथा उन्हें अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी ने स्थापना दिवस पर विद्यालय के सफलतापूर्वक 42 वर्ष पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थापक मैडम सईदा फैज द्वारा स्थापित यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को लगातार प्राप्त कर रहा है और भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहेगा।
मुख्य अतिथि प्रकाश सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है और कठिन परिश्रम के बल पर ही विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
इस दौरान मुख्य अतिथि ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी एवं निदेशिका डॉ. मीना अधमी ने उन्हें स्मृति-चिह्न एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं विद्यालय की निरंतर प्रगति तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)