- by Javed Khan
- 2026-08-16 19:48:00
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
15 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी गोरखपुर एवं चंद्रकांती रमावती देवी आर्य महिला पीजी कॉलेज की एनसीसी कैडेट आस्था गौड़ को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों एवं समर्पित सेवाओं के लिए चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ कमेंडेशन कार्ड (थल सेना प्रमुख प्रशंसा पत्र) से सम्मानित किया गया।
यह भारतीय सेना के प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कैडेट आस्था गौड़ इस सम्मान को प्राप्त करने वाली देश की एकमात्र एनसीसी कैडेट हैं। उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर 15 अगस्त को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, गोरखपुर में आयोजित समारोह में ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर परिमल भारती ने उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर परिमल भारती ने कहा कि कैडेट आस्था गौड़ ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर पूरे एनसीसी संगठन को गौरवान्वित किया है।
वहीं, 15 यूपी गर्ल्स बटालियन, गोरखपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमूल्य प्रताप सिंह ने कैडेट को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल आस्था गौड़ के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी बटालियन, महाविद्यालय और गोरखपुर जनपद के लिए गौरव एवं हर्ष का विषय है।
कैडेट आस्था गौड़ अपनी प्रतिभा और अनुशासन के बल पर पूर्व में नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में बटालियन का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। इसके साथ ही वह उत्तर प्रदेश राज्य बास्केटबॉल टीम की सदस्य भी हैं।
आस्था गौड़ की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर 15 यूपी गर्ल्स बटालियन की मेजर आकांक्षा पाठक, महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष पुष्पदंत जैन, महाविद्यालय प्रबंधक डॉ. विजयलक्ष्मी मिश्रा, प्राचार्य डॉ. सुमन सिंह, एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. अपर्णा मिश्रा सहित 15 यूपी गर्ल्स बटालियन के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)